शिमला, 01 अप्रैल।
शिमला के टूटू क्षेत्र में चरस की डिलीवरी देने पहुंचे कुल्लू के दो युवकों को पुलिस ने 1.055 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
31 मार्च की शाम थाना बालूगंज की पुलिस गश्त पर थी, इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि कुल्लू के दो युवक चरस की डिलीवरी देने के लिए टूटू क्षेत्र में पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन को रोका और जांच शुरू की। जांच में दो आरोपी, कमलेश कुमार (35) और इन्द्रजीत (28), दोनों कुल्लू जिले के निवासी पाए गए।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली, जिसमें एक कैरी बैग मिला, जिसमें अलग-अलग पाउचों में कुल 1.055 किलोग्राम चरस थी। पुलिस ने आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह चरस कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। इस मामले की गहन जांच की जा रही है, ताकि नशे के तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
एसएसपी शिमला ने कहा है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को आगे भी सख्ती से चलाया जाएगा।












