शोपियां, 07 मई।
दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में बुधवार को सैकड़ों छात्रों और अभिभावकों ने जामिया सिराज-उल-उलूम को पुनः खोले जाने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।
छात्रों ने हाथों में “हमारा भविष्य बचाओ” लिखी तख्तियां लेकर डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर धरना दिया और अपनी पढ़ाई जारी रखने की मांग उठाई। विभिन्न जिलों से आए छात्र इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
प्रदर्शन में शामिल 11वीं कक्षा के एक छात्र ने कहा कि वे शांति के साथ अपनी शिक्षा जारी रखना चाहते हैं और स्कूल को फिर से खोले जाने की अपील कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल को पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर इस संस्थान को गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत अवैध संस्था घोषित किया गया था, जिसके बाद प्रशासन ने परिसर में अनाधिकृत प्रवेश पर रोक लगा दी थी।
इसी बीच प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों ने चिंता जताई कि सैकड़ों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और प्रशासन से आग्रह किया कि बच्चों की शिक्षा को सुरक्षित सुनिश्चित किया जाए।











.jpg)
