मंडी, 08 जून।
मंडी जिले की दुर्गम पंचायत थाटा के नीरू गांव में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए सेवा भारती इकाई बंजार आगे आई है। बीते दिनों गांव के सोतू पुत्र वागिनदू का दो मंजिला मकान जलकर पूरी तरह राख हो गया था, जिसमें परिवार की जमा-पूंजी और सारा सामान जलने से लाखों का नुकसान हुआ है। प्रभावित परिवार के पास केवल वही कपड़े बचे जो उन्होंने उस समय पहने थे।
घटना की सूचना मिलते ही सेवा भारती बंजार के अध्यक्ष हुकम चंद, सचिव ईश्वर दास और सह-कोषाध्यक्ष किशोरी लाल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। संस्था की ओर से प्रभावितों को राशन, बिस्तर, रसोई के बर्तन, कपड़े, जूते और बच्चों के लिए शैक्षणिक सामग्री सहित बड़ी मात्रा में राहत सामग्री वितरित की गई। सहायता किट में राशन, कंबल, रजाई, कुकर, थालियां, स्कूल बैग और सोलर लैंप जैसी आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं।
इस दौरान सेवा भारती के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और भविष्य में आपदाओं से बचाव के उपाय भी समझाए। राहत वितरण कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत थाटा के नवनिर्वाचित प्रधान और वार्ड पंच भी उपस्थित रहे। प्रभावित परिवार ने सेवा भारती का आभार जताते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में संस्था उनके लिए उम्मीद की किरण बनकर आई है। स्थानीय निवासियों ने भी सेवा भारती के इस मानवीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।















