नई दिल्ली, 08 जून।
भारत की खेल प्रशिक्षण क्षमता को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान मिल रही है। हाल ही में, गगन नारंग स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन (जीएनएसपीएफ) ने इंडोनेशिया की 16 सदस्यीय निशानेबाजी टीम और उनके प्रशिक्षकों के लिए एक विशेष उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण शिविर की मेजबानी की। तीन महीने तक चले इस शिविर का आयोजन पुणे और हैदराबाद स्थित अत्याधुनिक केंद्रों में किया गया।
15 फरवरी से 15 मई तक आयोजित इस कार्यक्रम में इंडोनेशिया के कई दिग्गज निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। इनमें लंदन 2012 ओलंपिक में भाग लेने वाली डियाज कुसुमावर्दानी और टोक्यो 2020 ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली विद्या रफिका रहमत्तान तोय्यिबा जैसी स्टार खिलाड़ी भी शामिल थीं। इसके अलावा, दल में ऐसे युवा निशानेबाज भी थे जो एशियाई खेल आइची–नागोया 2026 की तैयारी में जुटे हैं।
इस प्रशिक्षण शिविर के दौरान इंडोनेशियाई खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे, खेल विज्ञान सहायता और उन्नत प्रदर्शन विश्लेषण तकनीक का लाभ मिला। साथ ही, उन्हें भारत के शीर्ष निशानेबाजों के साथ अभ्यास करने का अवसर भी प्राप्त हुआ। भारतीय निशानेबाजी के लिए प्रतिष्ठित 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह स्मृति निशानेबाजी प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर इस दल ने कड़ी प्रतिस्पर्धा का अनुभव भी लिया।
फाउंडेशन के संस्थापक गगन नारंग ने कहा कि खेल के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग और अनुभव साझा करना उत्कृष्टता के लिए अपरिहार्य है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे आदान-प्रदान कार्यक्रम न केवल विदेशी मेहमानों के लिए, बल्कि भारतीय खिलाड़ियों के लिए भी एक स्वस्थ और प्रतिस्पर्धी माहौल तैयार करते हैं। भविष्य में भी जीएनएसपीएफ और इंडोनेशिया निशानेबाजी संघ इस साझेदारी को आगे बढ़ाने की योजना बना रहे हैं।
















