जम्मू, 08 जून।
जम्मू में भीषण गर्मी का दौर जारी है। दोपहर होते ही पारे ने 42 डिग्री सेल्सियस का स्तर छू लिया है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण पूरा शहर तंदूर की तरह तप रहा है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है और लोगों का बाहर निकलना दूभर हो गया है।
तेज धूप से बचने के लिए लोग शीतल पेय पदार्थों और लस्सी का सहारा ले रहे हैं। राहत पाने के लिए युवाओं और बच्चों की भीड़ रणबीर नहर के किनारे और अन्य जल स्रोतों पर देखी जा रही है, जहाँ वे खुद को ठंडा करने के जतन कर रहे हैं।
मौसम विभाग ने जम्मू में आगामी दो दिनों के लिए हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग की ओर से सलाह दी गई है कि लोग दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें।
लू के खतरे को देखते हुए अधिक से अधिक पानी और जूस जैसे तरल पदार्थों का सेवन करने की हिदायत दी गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी आमजन से सतर्क रहने और धूप में बचाव के पूरे इंतजाम रखने की अपील की है।














