नई दिल्ली, 09 जून।
उत्तर रेलवे ने मंगलवार को जानकारी दी है कि स्टेशन कोड में बदलाव और तकनीकी कार्य के कारण दिल्ली यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) की सेवाएं 9 और 10 जून की मध्यरात्रि के दौरान लगभग एक घंटे के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।
जानकारी के अनुसार उत्तर पश्चिम रेलवे के जवाई बांध रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर सुमेरपुर जवाई बांध रेलवे स्टेशन किए जाने के चलते सिस्टम में आवश्यक तकनीकी अपडेट किया जा रहा है, जिसके कारण दिल्ली पीआरएस में कुछ सेवाएं प्रभावित होंगी।
इस दौरान पीएनआर पूछताछ, करंट रिजर्वेशन, टिकट निरस्तीकरण, चार्टिंग, ईडीआर रिपोर्ट तथा आरक्षण काउंटरों पर उपलब्ध पीआरएस से जुड़ी सेवाएं अस्थायी रूप से बाधित रहेंगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना इस अस्थायी व्यवधान को ध्यान में रखकर बनाएं।
रेलवे के अनुसार निर्धारित तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद सभी सेवाएं सामान्य रूप से पुनः बहाल कर दी जाएंगी।














