लखनऊ, 09 जून।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली मुद्रा को असली नोटों में बदलने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से कुल 13,95,600 रुपये की नकली करंसी बरामद की गई है, जिसमें 500 रुपये और 100 रुपये के नकली नोटों की बड़ी खेप शामिल है।
डीसीपी नॉर्थ गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि सोमवार देर रात मड़ियांव पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी सूचना मिली कि घैला पुल के पास एक खाली मैदान में टीन शेड के पास तीन युवक नकली नोटों के साथ मौजूद हैं और किसी को सौंपने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान आजमगढ़ निवासी आलोक सिंह, सोनू उर्फ गोलू और बृजेश विश्वकर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से बरामद नकली नोटों में 500 रुपये के 1402 नोट और 100 रुपये के 6946 नोट शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।















