लखनऊ, 09 जून।
उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का आज दूसरा दिन है। सुबह 10 बजे से प्रथम पाली की लिखित परीक्षा प्रदेश भर में सुचारू रूप से शुरू हुई। प्रशासन ने पहले दिन के अनुभव से सबक लेते हुए सुरक्षा घेरे को और अधिक मजबूत कर दिया है। लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, मेरठ और आगरा सहित सभी 75 जिलों में बने केंद्रों पर परीक्षार्थी पूरी तरह सीसीटीवी की निगरानी में हैं।
अभ्यर्थियों को कड़ी तलाशी के उपरांत ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिला है। निष्पक्ष और नकलविहिन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए शासन व जिला प्रशासन के साथ मिलकर पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद है। संदिग्ध सॉल्वर गिरोहों की धरपकड़ के लिए यूपी एसटीएफ, लोकल इंटेलिजेंस और स्थानीय पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय होकर काम कर रही हैं।
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत कुल 32,679 पदों के लिए 28 लाख 86 हजार 797 उम्मीदवार मैदान में हैं। पूरे प्रदेश में परीक्षा के सफल संचालन के लिए 1,183 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। केंद्रों की सुरक्षा के लिए रविवार शाम से ही पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी, जो लगातार निगरानी बनाए हुए है।














