चित्तौड़गढ़, 09 जून।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा कांग्रेस के अंदरूनी हालात पर व्यक्त की गई चिंताओं ने राज्य की सियासत में हलचल पैदा कर दी है। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि जल्द ही कांग्रेस में एक बड़ी टूट होने वाली है।
चित्तौड़गढ़ में मीडिया से बात करते हुए सांसद जोशी ने कहा कि कांग्रेस अब दो नहीं, बल्कि कई गुटों में विभाजित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी अब यह स्पष्ट हो गया है कि देश में कांग्रेस का अस्तित्व खत्म हो रहा है। जोशी ने आगे कहा कि गहलोत का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा को हटाकर सचिन पायलट को कमान सौंपे जाने की सुगबुगाहट तेज है, जो इसी आंतरिक संघर्ष का परिणाम है।
भाजपा सांसद ने कांग्रेस पर चौतरफा निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के पास न कोई स्पष्ट नीति है, न ही नेक नियत और न ही कोई मजबूत नेतृत्व बचा है। उन्होंने कांग्रेस को 'तुष्टिकरण का चेहरा' और 'एंटी नेशनल' बताते हुए कहा कि राम मंदिर, धारा 370 और महिला आरक्षण जैसे राष्ट्रहित के हर महत्वपूर्ण कार्यों में कांग्रेस का विरोध जनता ने देखा है, जिससे उनका विश्वास पार्टी से उठ चुका है।
सीपी जोशी ने दावा किया कि गहलोत और पायलट के बीच का द्वंद नया नहीं है, बल्कि यह एक लंबी लड़ाई की शुरुआती कड़ी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस का रसातल में जाना तय है और आने वाले दिनों में प्रदेश की जनता इसका बड़ा परिणाम देखेगी।















