जबलपुर, 09 जून।
जबलपुर नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने नागरिकों की समस्याएं सुनकर कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया।
करीब दो घंटे चली इस जनसुनवाई में कुल 48 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भवन शाखा, अतिक्रमण, स्वास्थ्य, राजस्व, कॉलोनी सेल, लेखा, उद्यान, जल, संपदा, आवास योजना, बाजार, कार्यालय अधीक्षक और फायर विभाग से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं।
निगमायुक्त ने सभी शिकायतों को तत्काल संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्देश दिए कि मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए। इस दौरान राजस्व और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई मामलों का तुरंत समाधान कर आवेदकों को राहत प्रदान की गई।
मुख्यालय के साथ-साथ नगर निगम के सभी संभागीय कार्यालयों में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जहां कुल 64 आवेदन प्राप्त हुए और अधिकारियों ने सभी मामलों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया।
निगमायुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी विभाग प्रमुखों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।















