भोपाल, 09 जून।
मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह मंगलवार को भोपाल स्थित शाहजहानाबाद के आसरा वृद्धाश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताया और उनकी सेवा कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान आयोजित धार्मिक एवं सेवा कार्यक्रम में मंत्री कुशवाह ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुंदरकांड पाठ में भी सहभागिता की। उन्होंने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों से आत्मीय संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी तथा उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
मंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों को वस्त्र भेंट किए और भोजन प्रसादी का वितरण भी किया। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठजन अनुभव, संस्कार और परंपराओं के संवाहक होते हैं, और उनका सम्मान व सेवा करना हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
कुशवाह ने कहा कि वृद्धजनों के आशीर्वाद और उनके चेहरे की मुस्कान से उन्हें आत्मिक शांति और संतोष प्राप्त हुआ है। उन्होंने समाज से अपील की कि वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का भाव बनाए रखा जाए।
कार्यक्रम में मौजूद वृद्धजनों ने मंत्री के इस आत्मीय व्यवहार की सराहना की और उन्हें आशीर्वाद दिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि वरिष्ठजन की सेवा भारतीय संस्कृति और मानवीय मूल्यों का महत्वपूर्ण प्रतीक है।















