कटिहार, 09 जून।
सोशल मीडिया पर अपना रूतबा दिखाने के चक्कर में एके-47 के साथ फर्जी वीडियो वायरल करना दो युवकों को भारी पड़ गया। कटिहार जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवकों की पहचान मो. इरफान और मो. मनोवर के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वायरल वीडियो और फोटो में दिख रहा घातक हथियार पूरी तरह फर्जी था। आरोपियों ने इंटरनेट पर मशहूर होने के लिए एआई तकनीक (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का सहारा लेकर हथियार के साथ अपनी तस्वीरें एडिट की थीं।
पुलिस को कर्मा टोला के निवासियों द्वारा सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहराने की खुफिया जानकारी मिली थी। मामला गंभीर होने के कारण एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी जांच के बाद गांव में छापेमारी कर दोनों युवकों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल लिया है। उन्होंने बताया कि वे केवल सोशल मीडिया पर चर्चा में आने के लिए इस डिजिटल साजिश को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने कोढ़ा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस प्रशासन ने इस कार्रवाई के माध्यम से सख्त चेतावनी दी है। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार का भ्रामक कंटेंट या डिजिटल माध्यम से दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों पर साइबर सेल की कड़ी नजर है और ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।













