नई दिल्ली, 10 जून।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) राष्ट्रसेवा और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए नए उत्साह और समर्पण के साथ कार्य जारी रखेगा।
केंद्र में एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री ने की, जिसमें देशभर से गठबंधन से जुड़े नेता और मुख्यमंत्री शामिल हुए।
बैठक के दौरान एनडीए नेताओं ने प्रधानमंत्री को उनके लंबे कार्यकाल और नेतृत्व के लिए बधाई दी तथा उनका सम्मान किया। इस दौरान विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और नेताओं ने उन्हें उपहार भी भेंट किए।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि एनडीए की यात्रा राष्ट्रीय हित और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को साथ लेकर आगे बढ़ने के संकल्प से प्रेरित रही है।
उन्होंने कहा कि इस सहयोग ने लोकतंत्र को मजबूत किया है, सहकारी संघवाद को सुदृढ़ किया है और विकास की गति को बढ़ाया है। पिछले 12 वर्षों में एनडीए ने देश को स्थिर शासन और निरंतर प्रगति प्रदान की है।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि नेताओं के साथ अनौपचारिक समय में झालमुरी का आनंद लिया गया, जिसकी तस्वीरें भी उन्होंने साझा कीं।
बताया गया कि इस दौरान विभिन्न नेताओं ने नाश्ते में शामिल होकर आपसी संवाद को और अधिक सहज बनाया।










