रतलाम, 10 जून।
रतलाम डाक संभाग के अंतर्गत रतलाम, झाबुआ और अलीराजपुर जिलों में डाक सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने के लिए भारतीय डाक विभाग ने पोस्ट फ्रेंचाइजी योजना लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत इच्छुक व्यक्तियों और संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
डाकघर अधीक्षक राजेश कुमावत ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य स्पीड पोस्ट और पार्सल सेवाओं के नेटवर्क का विस्तार करना है, ताकि लोगों को अपने ही क्षेत्र में डाक सेवाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि भारतीय डाक विभाग देशभर में व्यापक डाक सेवा दायित्व का निर्वहन कर रहा है और वर्तमान में एक लाख से अधिक डाकघरों का नेटवर्क संचालित है, जिनमें बड़ी संख्या ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित है।
हालांकि शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में बढ़ती डाक सेवाओं की मांग को देखते हुए अब फ्रेंचाइजी मॉडल को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे सेवाओं का विस्तार तेजी से किया जा सके।
फ्रेंचाइजी आउटलेट्स के माध्यम से डाक टिकट और स्टेशनरी की बिक्री, स्पीड पोस्ट बुकिंग, मनीऑर्डर और पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा प्रीमियम संग्रहण और अन्य सहायक सेवाएं भी इन केंद्रों पर दी जाएंगी।
डाक सामग्री के वितरण और मुख्य संचालन का कार्य विभाग द्वारा पहले की तरह ही जारी रहेगा।
डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन करने वाले व्यक्ति या संस्था के पास उपयुक्त कार्यस्थल, कंप्यूटर संचालन का ज्ञान और ग्राहकों से बेहतर समन्वय की क्षमता होना आवश्यक है।
चयनित फ्रेंचाइजी को विभाग के निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार सेवाओं का संचालन करना होगा।












