उत्तर प्रदेश, 10 जून।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के सफलतम कार्यकाल पर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके नेतृत्व की प्रशंसा की है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर प्रदेशवासियों की ओर से आभार और शुभेच्छाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पत्र साझा करते हुए कहा कि राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पित प्रधानमंत्री मोदी का यह कार्यकाल गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि उनके प्रेरक नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के संकल्प के अनुरूप ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के निर्माण की दिशा में प्रदेश निरंतर अग्रसर है।
पत्र में उल्लेख किया गया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आस्था और अर्थव्यवस्था के संगम के रूप में उभरा है। अयोध्या रामलला प्राण-प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ धाम पुनरोद्धार तथा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ ने विकास को नई दिशा और गति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का व्यापक लाभ प्रदेश के करोड़ों नागरिकों तक पहुंचा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत तीन करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ, प्रधानमंत्री आवास योजना से लगभग 65 लाख परिवारों को पक्के मकान मिले, जबकि आयुष्मान भारत योजना से लगभग 10 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्राप्त हुई।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लगभग 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन मिल रहा है। उज्ज्वला योजना से 1.86 करोड़ महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से तीन करोड़ से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता मिली है।
रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में भी प्रदेश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि मिशन रोजगार के तहत नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली, जबकि 25 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। साथ ही तीन करोड़ से अधिक रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना विकास के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश ने बड़ी प्रगति की है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, नमो भारत, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, वंदे भारत रेल सेवाएं और एक्सप्रेसवे नेटवर्क ने प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है और आज उत्तर प्रदेश माफिया-मुक्त तथा भयमुक्त वातावरण की पहचान बना रहा है। बेहतर निवेश माहौल के चलते प्रदेश प्रमुख निवेश केंद्र के रूप में उभरा है।
उन्होंने अंत में कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था वर्ष 2017 की तुलना में लगभग तीन गुना बढ़ी है और उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।










