दरभंगा, 10 जून।
बिहार के दरभंगा में कोसी नदी में बुधवार सुबह एक भयावह नाव हादसा हो गया। इस दुर्घटना में नाव पर सवार 4 लोग लापता हो गए हैं, जबकि 7 लोगों को ग्रामीणों ने बचा लिया है।
ग्रामीण मूंग की फसल तोड़ने के लिए नदी पार कर रहे थे। नाव में कुल 11 लोग सवार थे। तरबारा स्पर के पास अचानक नदी की तेज धारा में नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह डूब गई।
घटना के बाद नदी में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाए गए लोगों को किरतपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत स्थिर है।
प्रशासन ने घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। लापता लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर तैनात की गई हैं।
बिरौल एसडीओ ने बताया कि लापता लोगों को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों को लेकर भी समीक्षा होगी।
कोसी नदी में हाल के दिनों में हुई दुर्घटनाओं के बाद नावों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोग लगातार निगरानी और सुरक्षा उपकरणों की मांग कर रहे हैं।










