संपादकीय
10 Jun, 2026

लोगों के भरोसे से ही ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल होती है

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी लोकतांत्रिक यात्रा और उपलब्धियों की सराहना करते हुए जनता के विश्वास, विकास योजनाओं और पारदर्शी शासन को ऐतिहासिक सफलता का आधार बताया।

पटना, 10 जून।

भारत जैसे विशाल और प्रतिस्पर्धी लोकतंत्र में जनता का विश्वास जीतना कठिन और उसे बनाए रखना उससे भी कठिन है। लगातार राजनीतिक प्रतिस्पर्धा और जनता की कड़ी निगरानी के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनना लोकतांत्रिक राजनीति में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

प्रधानमंत्री मोदी और मेरी राजनीतिक चेतना आपातकाल के दौर में विकसित हुई। लोकतांत्रिक अधिकारों पर हुए हमले और उन्हें पुनर्स्थापित करने के संघर्ष ने सार्वजनिक जीवन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति हमारी सोच को आकार दिया। वह केवल राजनीतिक आंदोलन नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता का जीवन अनुभव था।

लंबे समय तक यह धारणा रही कि देश का सर्वोच्च पद केवल प्रभावशाली परिवारों तक सीमित है, लेकिन साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर प्रधानमंत्री पद तक पहुंचने की मोदी की यात्रा ने इस सोच को बदला। उनकी सफलता ने लाखों युवाओं में यह विश्वास जगाया कि लोकतंत्र में मेहनत, संकल्प और क्षमता जन्म और पारिवारिक पृष्ठभूमि से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं।

समाजवादी विचारधारा से प्रेरित होने के नाते मेरा हमेशा मानना रहा है कि राजनीति का उद्देश्य लोगों का जीवन बेहतर बनाना होना चाहिए। इस दृष्टि से गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में केंद्र सरकार का प्रयास उल्लेखनीय रहा है। पिछले वर्षों में करोड़ों लोगों तक शौचालय, बैंक खाते, पक्के घर, गैस कनेक्शन, नल से जल और स्वास्थ्य बीमा जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंची हैं। अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़े वर्ग, महिलाओं और गरीब परिवारों के बड़े वर्ग ने स्वयं को विकास प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार महसूस किया है। युवाओं के लिए उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसर भी तैयार हुए हैं।

महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान भी प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों की महत्वपूर्ण विशेषता रहा है। बिहार में जीविका समूहों के अपने अनुभव के आधार पर मैं कह सकता हूं कि जब महिलाओं को विकास के केंद्र में रखा जाता है तो समाज तेजी से आगे बढ़ता है। इसी सोच को राष्ट्रीय स्तर पर भी व्यापक रूप मिला है।

मुख्यमंत्री के रूप में लंबे अनुभव से मैं जानता हूं कि किसी भी योजना का वास्तविक मूल्य उसके प्रभावी क्रियान्वयन में होता है। केवल घोषणा पर्याप्त नहीं होती। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रौद्योगिकी, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर देकर नीति और क्रियान्वयन के बीच की दूरी कम की है। सरकारी योजनाओं का लाभ बिना बिचौलियों के सीधे लोगों तक पहुंचने से शासन व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हुआ है। नागरिकों से उनका निरंतर संवाद भी इस भरोसे को और सुदृढ़ करता है।

राज्य और केंद्र दोनों स्तरों पर लंबे प्रशासनिक अनुभव ने प्रधानमंत्री मोदी को सहकारी संघवाद की गहरी समझ दी है। बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में मैंने स्वयं महसूस किया कि राजनीतिक परिस्थितियों से ऊपर उठकर उन्होंने राज्य के विकास के लिए सहयोग दिया। 2024-25 और 2025-26 के केंद्रीय बजट में मखाना बोर्ड, भागलपुर विद्युत संयंत्र, बाढ़ प्रबंधन और विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं के लिए विशेष प्रावधान इसका उदाहरण हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार की सांस्कृतिक विरासत को भी वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास किया है। मखाना, मधुबनी चित्रकला और अन्य स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रस्तुत किया गया। जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित करने का निर्णय भी लंबे समय से लंबित जनभावना का सम्मान था।

पिछले दशक में बिहार को सड़क, रेल, पुल, हवाई अड्डों और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं का व्यापक लाभ मिला है। गंगा पर नए पुल, राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, रेलवे का विद्युतीकरण और वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों की शुरुआत ने विकास की गति को नई दिशा दी है। रेलवे के आधुनिकीकरण को मैं विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानता हूं क्योंकि यह आर्थिक और सामाजिक विकास का आधार है।

मैंने हमेशा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता का समर्थन किया है। प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता का एक बड़ा कारण उनका बेदाग सार्वजनिक जीवन और भ्रष्टाचार के विरुद्ध स्पष्ट रुख भी है। संस्थागत सुधारों के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ाने के साथ-साथ भ्रष्टाचार के मामलों में कानूनी कार्रवाई की राजनीतिक इच्छाशक्ति भी दिखाई गई है।

वैश्विक स्तर पर भी भारत की प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अर्थव्यवस्था, जलवायु परिवर्तन, तकनीक, स्वास्थ्य और वैश्विक सहयोग जैसे विषयों पर आज भारत की बात गंभीरता से सुनी जाती है। विभिन्न देशों के साथ संतुलित संबंधों और शांति तथा विकास के प्रति प्रतिबद्धता ने भारत को 21वीं सदी की प्रमुख वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित करने की दिशा में मजबूत आधार तैयार किया है।

सार्वजनिक जीवन में लंबे अनुभव के आधार पर मैं जानता हूं कि नेतृत्व निरंतर परिश्रम, अनुशासन, जनता से संवाद और दूरदर्शी सोच की मांग करता है। प्रधानमंत्री मोदी की ऊर्जा, कार्यक्षमता और समर्पण ने उन्हें लंबे समय तक जनता का विश्वास बनाए रखने में मदद की है। भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की उनकी उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास की शक्ति का भी प्रमाण है। इस ऐतिहासिक अवसर पर मैं उन्हें बधाई देता हूं और राष्ट्र सेवा के लिए उनके उत्तम स्वास्थ्य तथा निरंतर सफलता की कामना करता हूं।

- श्री नीतीश कुमार
|
आज का राशिफल

शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़