काठमांडू, 11 जून।
नेपाल से भारत की ओर तस्करी कर ले जाया जा रहा भारी मात्रा में गांजा सुरक्षा बलों ने जब्त किया है। नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) ने मोरंग जिले के सीमावर्ती क्षेत्र जहदा से 922 किलोग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए एपीएफ की सीमा सुरक्षा इकाइयों, सोमबारी बीओपी, नोचा और तरेगामा पोस्ट के जवानों ने संयुक्त दल बनाया था। तस्करों ने इस तस्करी को अंजाम देने के लिए गांजे के 29 पैकेट धान की भूसी की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे थे।
यह माल एक पिकअप वाहन में लादा गया था, जिसके आगे एक मोटरसाइकिल (बीआर 38 जेड 7452) एस्कॉर्ट के रूप में चल रही थी। सुरक्षा कर्मियों की भनक लगते ही दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए।
फिलहाल, पुलिस ने गांजा, पिकअप और मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है। इस बरामदगी के बाद सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा और सघन तलाशी बढ़ा दी गई है।










