जमशेदपुर, 11 जून।
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह स्थित बेल्डीह लेक के पास गुरुवार सुबह आत्मदाह के प्रयास की एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक वृद्ध व्यक्ति ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया है। घायल व्यक्ति की पहचान सत्तार खान के रूप में की गई है।
घटना के बारे में प्रत्यक्षदर्शी गोलू ने बताया कि सत्तार खान सुबह के समय बेल्डीह लेक के पास पहुंचा था और उसके हाथ में पेट्रोल की एक बोतल थी। अचानक उसने खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा ली। आग की लपटों से घिरे व्यक्ति को देखकर वहां मौजूद वाहन धोने वाले युवकों और अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तालाब से पानी लाकर आग बुझाई। घायल को तुरंत टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है।
आग बुझाने के बाद जब स्थानीय लोगों ने उनसे इस कदम के बारे में पूछा, तो उन्होंने घरेलू समस्याओं और पारिवारिक तनाव का हवाला दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

इस घटना का एक अन्य पहलू भी सामने आया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह के समय दो युवतियां वहां पहुंची थीं, जो अपने लापता पिता के बारे में पूछताछ कर रही थीं। उन्होंने बताया था कि उनके पिता पिछले तीन-चार दिनों से घर से नहीं मिले हैं। इस घटना के बाद लोगों ने आशंका जताई है कि झुलसा हुआ व्यक्ति वही हो सकता है, जिसकी तलाश उसके परिजन कर रहे थे।
बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि फिलहाल घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और खुदकुशी के प्रयास के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक भीड़ लगी रही और यह चर्चा का विषय बना रहा।










