अजमेर, 12 जून।
राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के डेटा साइंस एंड एनालिटिक्स विभाग के एम.एससी. (बिग डेटा एनालिटिक्स) सत्र 2025-27 के छात्र विनीत यादव का चयन प्रतिष्ठित गूगल स्टूडेंट एम्बेसडर प्रोग्राम (2026 कोहोर्ट) के लिए हुआ है। विनीत को गूगल की ओर से आधिकारिक ऑनबोर्डिंग अनुबंध और एम्बेसडर आईडी प्राप्त हो चुकी है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से विनीत विश्वविद्यालय परिसर में गूगल जेमिनी एआई (जेमिनी AI) सहित नवीनतम तकनीकों का प्रचार-प्रसार करेंगे और छात्र-नेतृत्व वाले एआई समुदायों का निर्माण कर तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देंगे। चयन प्रक्रिया अत्यंत चुनौतीपूर्ण थी, जिसमें छात्रों की नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल, रणनीतिक सोच और समस्या-समाधान क्षमता का कड़ा मूल्यांकन किया गया। विनीत ने बिना किसी बजट के मात्र सात दिनों में जेमिनी एआई के प्रति जागरूकता फैलाने का रचनात्मक अभियान तैयार कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय की अकादमिक उत्कृष्टता का प्रमाण बताया। विनीत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने विभाग और संकाय सदस्यों के मार्गदर्शन को दिया है। विभाग की अध्यक्ष डॉ. निष्ठा केसवानी ने भी विनीत को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।













