नई दिल्ली, 16 जून।
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने इस वर्ष की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए हैं। आयोग के अनुसार, एक हजार से अधिक रिक्तियों के मुकाबले कुल 13 हजार से अधिक उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के प्राप्तांक, कट-ऑफ मार्क्स और उत्तर कुंजी की जानकारी अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद ही आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थी अपने परिणाम आयोग की वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष आयोग ने 1087 रिक्तियों के लिए कुल 14 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा हेतु शॉर्टलिस्ट किया था। इस बार के नतीजों के साथ ही अब सफल अभ्यर्थियों की नजरें मुख्य परीक्षा की तैयारी पर टिकी हैं।










