गुरुग्राम, 16 जून।
राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सजगता बरतते हुए गुरुग्राम पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने एक विशेष अभियान के तहत अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिकों को दबोचा है। पकड़े गए सभी व्यक्तियों के पास से उनकी नागरिकता से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं।
पुलिस अब इन सभी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में ला रही है। इन लोगों को वापस उनके देश डिपोर्ट किया जाएगा। यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (अपराध) हितेश यादव के निर्देशन में अंजाम दी गई।
खुफिया सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न निर्माण स्थलों और झुग्गी-बस्तियों में छापेमारी की। जांच में खुलासा हुआ कि ये लोग बांग्लादेशी एजेंटों की मदद से कालियागंज बॉर्डर पार कर भारत में घुसे थे और यहाँ मजदूर बनकर रह रहे थे।
पुलिस उपायुक्त ने शहरवासियों से सतर्क रहने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि अपने किराएदारों, घरेलू सहायकों और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन जरूर करवाएं। स्थानीय लोगों और आरडब्ल्यूए से इस कार्य में सहयोग की अपेक्षा की गई है।










