सागर, 18 जून।
जिले के थाना खुरई ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस ने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए अपनी ही मां की हत्या कर शव को डबल बेड के बॉक्स में छिपाने के आरोप में एक कलयुगी बेटे को गिरफ्तार किया है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मामला 11 अप्रैल 2026 का है, जब सहोद्राराय वार्ड निवासी 16 वर्षीय नाबालिग देव अहिरवार ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी 45 वर्षीय मां ममता अहिरवार की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है और शव को घर के अंदर डबल बेड के बॉक्स में छिपा दिया गया है।
सूचना मिलते ही खुरई ग्रामीण पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई शुरू करते हुए अपराध क्रमांक 60/2026 दर्ज किया और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ जांच प्रारंभ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया और साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद संदिग्धों से पूछताछ और लगातार जांच के आधार पर पुलिस का शक मृतका के बड़े बेटे पर केंद्रित हुआ।
गहन विवेचना के बाद सिंगपुर ग्राम निवासी 32 वर्षीय सुरेन्द्र कुमार अहिरवार की इस जघन्य वारदात में संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर 17 जून 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते इस अंधे कत्ल का खुलासा कम समय में संभव हो सका। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सहित खुरई ग्रामीण पुलिस और साइबर सेल सागर की टीम की अहम भूमिका रही।
















