अमेठी, 18 जून।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र के सैदपुर मजरे दलशाहपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुए मारपीट विवाद में घायल एक बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात निर्माणाधीन मकान के छज्जे को लेकर विवाद होने पर पड़ोसी पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना में रामफली पाल के अलावा उनका पुत्र और एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए एम्स रायबरेली भेजा गया।
इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल रामफली पाल (80) ने दम तोड़ दिया। अन्य दोनों घायलों का उपचार एम्स रायबरेली में जारी है। बुजुर्ग की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना बुधवार देर रात की है। मृतक और घायलों के परिजनों की तहरीर के आधार पर अमेठी कोतवाली में पांच नामजद लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की जांच के साथ अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।










