भोपाल, 18 जून।
राजधानी भोपाल में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में महिला कांग्रेस ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा का पुतला दहन किया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने के लिए कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला, हालांकि पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में रोक दिया।
इस दौरान मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने के बजाय विपक्ष की आवाज़ दबाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन बिना किसी ठोस आधार के निरस्त किया गया।
रीना बोरासी ने कहा कि नामांकन पत्र में किसी प्रकार की कोई त्रुटि नहीं थी और जिस नोटिस का हवाला दिया गया, वह नामांकन प्रक्रिया से संबंधित स्पष्ट प्रावधानों में शामिल नहीं था। उन्होंने कहा कि कई नेताओं के खिलाफ मामलों के बावजूद वे चुनाव लड़ते हैं, लेकिन विपक्षी उम्मीदवारों के साथ अलग व्यवहार किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला केवल एक उम्मीदवार तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और विपक्ष की भूमिका को कमजोर करने की कोशिश है। यदि ऐसे फैसले जारी रहे तो लोकतांत्रिक प्रतिस्पर्धा प्रभावित होगी।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री एवं प्रवक्ता रोशनी यादव ने भी भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी महिला सशक्तिकरण की बात करती है, लेकिन व्यवहार में उसके विपरीत कार्य करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता और प्रभाव का उपयोग कर विपक्षी उम्मीदवार को चुनावी प्रक्रिया से बाहर करने का प्रयास किया गया है।
महिला कांग्रेस की ओर से राष्ट्रपति को सौंपे जाने वाले ज्ञापन में नामांकन निरस्तीकरण को लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक भावना और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी पर आघात बताया गया है। संगठन ने निष्पक्ष जांच, नामांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता और विपक्षी अधिकारों की सुरक्षा की मांग की है।
















