बीरभूम, 30 मई।
देश में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए चलाया जा रहा एचपीवी टीकाकरण अभियान रिकॉर्ड सफलता हासिल कर रहा है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, पिछले तीन महीनों में देश भर में करीब 50 लाख वैक्सीन खुराकें दी जा चुकी हैं। यह आंकड़ा युवाओं के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के प्रति देश की प्रतिबद्धता और तत्परता को दर्शाता है।
इस अभियान के तहत मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों ने अपने लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है। वहीं, पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 93 प्रतिशत कवरेज का आंकड़ा छू लिया है। मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर इस अभूतपूर्व सफलता की जानकारी साझा की है।
यह तेज प्रगति भारत की सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली की मजबूती और जमीनी स्तर पर काम कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों के अथक परिश्रम का परिणाम है। चिकित्सा पत्रिका 'द लांसेट' में प्रकाशित वैश्विक वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर यह साबित हो चुका है कि इस टीके से सर्वाइकल कैंसर के मामलों में भारी कमी आती है। भारत सरकार का यह कदम आने वाली पीढ़ी को इस गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक फैसला है।












