भोपाल, 19 जून।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 20 जून को मध्य प्रदेश को विकास की दो महत्वपूर्ण सौगातें देंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी अरुण शर्मा के अनुसार इंदौर जिले के सांवेर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 42 हजार से अधिक पात्र हितग्राहियों को 2,500 करोड़ रुपये से अधिक की आवास स्वीकृतियां प्रदान की जाएंगी और 38 हजार से अधिक परिवारों को उनके नवीन पक्के आवासों में गृह-प्रवेश कराया जाएगा।
साथ ही केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री 2,935 करोड़ रुपये लागत वाली 48.10 किलोमीटर लंबी इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड फोर-लेन परियोजना का भूमि-पूजन करेंगे। यह परियोजना मालवा अंचल की कनेक्टिविटी, आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन विकास को नई दिशा देगी।
परियोजना हाई-स्पीड ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के रूप में विकसित की जा रही है और इसे हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (40:60) पर बनाया जा रहा है। पूर्ण होने पर यह इंदौर, उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक निवेश, व्यापार, लॉजिस्टिक्स, कृषि विपणन और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा।
महाकाल की नगरी उज्जैन आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को ग्रीनफील्ड कॉरिडोर से बेहतर और सुगम आवागमन सुविधा प्राप्त होगी। स्थानीय निवासियों और किसानों के लिए परियोजना में 18 अंडर-पास और 19 जंक्शन इम्प्रूवमेंट कार्य किए जाएंगे। वेस्टर्न रिंग रोड और उज्जैन-बदनावर मार्ग पर ग्रेड सेपरेटेड जंक्शन विकसित किए जाएंगे। प्रत्येक टोल प्लाजा पर एम्बुलेंस, क्रेन और पेट्रोलिंग वाहनों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध हो सके।

















