बागपत, 19 जून।
बागपत जिले के सिसाना खादर क्षेत्र में यमुना नदी से एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मछली पकड़ रहे गोताखोरों के जाल में फंसा मिला।
जानकारी के अनुसार गोताखोर इरफान अपने साथियों के साथ नदी में जाल डालकर मछली पकड़ रहे थे, तभी जाल अचानक भारी हो गया। जाल बाहर निकालने पर उसमें युवक का शव फंसा मिला।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
शव को प्राथमिक जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने आसपास के थानों को सूचना भेजकर मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

















