भोपाल, 19 जून।
भोपाल के गौतम नगर थाना क्षेत्र में मोबाइल गेम खेलने से रोकने पर एक ई-रिक्शा चालक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार करोंद हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय इमरान खान डीआईजी बंगला चौराहे पर अपनी ई-रिक्शा खड़ी कर सवारियों का इंतजार कर रहा था। उसी दौरान पास में मौजूद दो अन्य ई-रिक्शा चालक मोबाइल पर लूडो गेम खेल रहे थे।
इमरान द्वारा काम के दौरान मोबाइल गेम खेलने से मना करने और सवारियों पर ध्यान देने की बात कहने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि दोनों ने सड़क किनारे पड़े पत्थर से इमरान के सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
घायल को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
















