भोपाल, 19 जून।
मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने शुक्रवार को राजधानी स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित मामलों पर आवश्यक निर्देश भी जारी किए।
संवाद कार्यक्रम में मंत्री कुशवाह ने लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर क्षेत्रीय और स्थानीय स्तर की जनसमस्याओं की जानकारी प्राप्त की। कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई, जबकि जिन विषयों का तत्काल निपटारा संभव नहीं था, उन्हें आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का निराकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को भी आवश्यक मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री कुशवाह ने संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि लोगों से जुड़े प्रत्येक विषय का समयबद्ध और सकारात्मक समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं ने अपने क्षेत्रों की विभिन्न समस्याएं और जनहित से जुड़े मुद्दे उनके समक्ष रखे, जिन पर मंत्री ने उचित कार्रवाई का भरोसा जताया।


















