मध्य प्रदेश
19 Jun, 2026

महुआ पेड़ के नीचे खड़े काका-भतीजे पर गिरी बिजली, मौत

राजगढ़ के गुलखेड़ीकला गांव में खेत पर काम कर रहे काका-भतीजे की महुआ पेड़ के नीचे खड़े रहने के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।

राजगढ़, 19 जून।

जिले के पचोर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम गुलखेड़ीकला में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई। खेत में काम कर रहे काका-भतीजे अचानक मौसम खराब होने के दौरान बिजली की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रकरण की जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी विष्णुप्रसाद भिलाला और उनके भतीजे रामदयाल भिलाला खेत में रखी प्याज की फसल को समेटकर घर ले जाने का कार्य कर रहे थे। काम के दौरान दोनों खेत में मौजूद महुआ पेड़ के नीचे खड़े थे।

इसी बीच शाम के समय मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई और आसमान में गरज-चमक होने लगी। कुछ ही देर बाद महुआ के पेड़ के समीप बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में दोनों आ गए। आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलने पर पचोर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना में परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं तथा गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Mostly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़