काठमांडू, 19 जून।
नेपाल के रूपन्देही जिला पुलिस कार्यालय ने क्रिप्टोकरेंसी के गैरकानूनी कारोबार में संलिप्त रहने के आरोप में चीन के सात नागरिकों को हिरासत में लिया है। पुलिस प्रशासन को विभिन्न मोबाइल ऐप्स और वेबसाइटों के जरिए इस अवैध डिजिटल मुद्रा के संचालन की विशेष खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर शुक्रवार की सुबह छापेमारी कर यह कार्रवाई की गई।
सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए ये सभी आरोपी बुटवल क्षेत्र में एक मकान किराए पर लेकर रह रहे थे। ये लोग वित्तीय लेनदेन के लिए बिनेंस, ओकेएक्स, पेटीएम, भीम, मोबिक्विक और फोन पे जैसे लोकप्रिय डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों में 49 वर्षीय छियोङ गोफु, 43 वर्षीय हु गाङ्ग, 45 वर्षीय ली छुहेन्ए, 36 वर्षीय सन हुई, 35 वर्षीय जाओ क्वीचेन, 32 वर्षीय छियाङ जियासुङ और 45 वर्षीय ली बिन शामिल हैं, जिनसे आगे की पूछताछ की जा रही है।












