भोपाल।
कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। युवती से छेड़छाड़ को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद दो युवकों ने एक सिक्योरिटी गार्ड पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गार्ड गंभीर रूप से घायल हुआ और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार घायल दीपक वंशकार (34) मूल रूप से नजीराबाद के निवासी हैं और रातीबड़ क्षेत्र के मुगलिया छाप में रहकर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं। दीपक अपनी बुआ की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए कजलीखेड़ा खदान के पास बुआ के घर पहुंचे थे।
बताया गया कि मंगलवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब एक बजे कुछ युवकों द्वारा युवती से छेड़छाड़ को लेकर विवाद शुरू हुआ। दीपक ने हस्तक्षेप कर विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दो युवकों ने चाकू निकालकर दीपक पर हमला कर दिया, जिसमें उनकी पीठ पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और अन्य लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। कजलीखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। विवाह समारोह में हुई इस घटना ने क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना दिया है।


















