मध्य प्रदेश
19 Jun, 2026

प्रदेश का सर्वांगीण विकास ही शासन का संकल्प : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में सड़क और सीवर निर्माण का भूमि-पूजन किया, नई विकास परियोजनाओं की घोषणा की और प्रदेश के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया।

भोपाल, 19 जून।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया है और इसी दिशा में लगातार कार्य कर रही है। नगर निगम इंदौर ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छता अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को इंदौर में आयोजित लोकार्पण एवं भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश दोनों विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश के 55 जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना, रोजगार और जनकल्याण के क्षेत्रों में योजनाबद्ध विकास कार्य जारी हैं, ताकि प्रत्येक नागरिक को विकास का लाभ मिल सके।

अधोसंरचना योजनांतर्गत जोन 8 में सड़क का भूमि-पूजन

मुख्यमंत्री ने इंदौर के जोन 8, वार्ड 37 में तुलसी नगर पुलिया से निपानिया तक प्रस्तावित सड़क और प्राइमरी तथा आंतरिक सीवर लाइन निर्माण कार्य का भूमि-पूजन किया। सड़क निर्माण की लागत 13.26 करोड़ और सीवर लाइन निर्माण की लागत 2.64 करोड़ रुपये है। सड़क लगभग 1.30 किलोमीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी होगी। परियोजना में सीमेंट कंक्रीट सड़क, सीवर चैम्बरों का सुदृढ़ीकरण, फुटपाथ निर्माण और विद्युत लाइन शिफ्टिंग जैसे कार्य शामिल हैं।

सड़क निर्माण से तुलसी नगर, निपानिया, अंकुर आंगन, राजाराम ऐवेन्यु और महालक्ष्मी नगर के निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में यातायात अधिक सुगम होगा। भूमि-पूजन समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् के गायन से हुई। मुख्यमंत्री एवं उपस्थित जनों ने दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

विकास कार्यों की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कनाड़िया रोड से खजराना रोड तक लगभग 1,400 मीटर लिंक रोड बनाने और पूर्वी रिंग रोड से रोबोट चौराहे तक 6 लेन फ्लाई-ओवर निर्माण की घोषणा की। फ्लाई-ओवर की अनुमानित लागत लगभग 50 करोड़ रुपये होगी। उन्होंने अवैध कालोनियों को वैध करने के प्रयास भी तेज करने का आश्वासन दिया।

हितलाभ वितरण

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 2 हितग्राहियों राहुल मरमट और जगदीश उपाध्याय को प्रतीकात्मक चेक 50-50 हजार रुपये के रूप में प्रदान किए गए।

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, क्षेत्रीय सांसद शंकर लालवानी, विधायक महेन्द्र हार्डिया, मधु वर्मा, रमेश मेंदोला, सुमित मिश्रा, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमला उपस्थित रहे।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Mostly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़