राजनीति
19 Jun, 2026

तृणमूल नेता गौतम देव ने सिलीगुड़ी के मेयर पद से दिया इस्तीफा

तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौतम देव ने संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने और बदले राजनैतिक समीकरणों के बीच सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर पद से अपना आधिकारिक इस्तीफा दे दिया है।

सिलीगुड़ी, 19 जून।

पश्चिम बंगाल की राजनीति से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर गौतम देव ने शुक्रवार को अपने गरिमामयी पद से त्यागपत्र दे दिया है। सामने आई ताजा जानकारी के मुताबिक, उन्होंने प्रशासनिक पद छोड़ने के अपने इस बड़े फैसले से तृणमूल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को काफी पहले ही अवगत करा दिया था, जिसके बाद उन्होंने शुक्रवार को निगम प्रशासन के समक्ष आधिकारिक तौर पर अपना इस्तीफा प्रस्तुत कर दिया।

दरअसल, हालिया दिनों में पार्टी आलाकमान ने उन्हें तृणमूल कांग्रेस की दार्जिलिंग जिला (समतल) कमेटी के महत्वपूर्ण पद चेयरमैन की नई जिम्मेदारी सौंपी है। राजनैतिक विश्लेषकों का मानना है कि टीएमसी नेतृत्व अब यह चाहता है कि वे निगम प्रशासन की बजाय पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने में अधिक सक्रियता के साथ अपनी भूमिका निभाएं।

पार्टी के अंदरूनी सूत्रों की मानें तो सूबे में बदली हुई राजनैतिक परिस्थितियों के बीच वे नगर निगम के प्रशासनिक कामकाज को अपनी मर्जी के मुताबिक सुचारू रूप से आगे नहीं बढ़ा पा रहे थे। इसी असहजता के चलते अंततः उन्होंने पदमुक्त होने का मन बनाया। इससे पहले बीते गुरुवार को मेयर परिषद के सदस्यों के साथ आयोजित हुई एक अहम बैठक में भी उन्होंने खुद ही अपना पद छोड़ने की मंशा खुलकर जाहिर कर दी थी।

राजनीति के मैदान में गौतम देव का अब तक का सफर काफी प्रभावशाली और महत्वपूर्ण रहा है। साल 2011 में जब पश्चिम बंगाल की सत्ता में ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ था, तब ममता सरकार में उन्हें उत्तर बंगाल विकास विभाग की बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। इसके बाद साल 2016 के विधानसभा चुनाव में दोबारा शानदार फतह हासिल करने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनके कंधों पर पर्यटन मंत्रालय का अहम कार्यभार सौंपा था, हालांकि साल 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्हें अप्रत्याशित शिकस्त का सामना करना पड़ा था।

इसके बाद साल 2022 में संपन्न हुए सिलीगुड़ी नगर निगम के चुनावों में तृणमूल कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी, जिसके बाद पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें शहर का प्रथम नागरिक यानी मेयर नियुक्त किया था। लेकिन हाल ही में संपन्न हुए साल 2026 के विधानसभा चुनाव में सिलीगुड़ी विधानसभा सीट से उन्हें एक बार फिर करारी हार का मुंह देखना पड़ा। इस चुनाव में शहर के लगभग सभी वार्डों के भीतर पार्टी के बेहद निराशाजनक प्रदर्शन को लेकर संगठन के अंदरूनी गलियारों में गहरी नाराजगी और सिरफुटौव्वल खुलकर सामने आने लगी थी। इसी खराब चुनावी नतीजे के बाद से ही राजनैतिक हलकों में उनके मेयर पद से हटने की अटकलें लगातार लगाई जा रही थीं, जिस पर आज विराम लग गया।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Mostly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़