अपराध
19 Jun, 2026

यूपी एटीएस की बड़ी कार्रवाई, बुलंदशहर से पाकिस्तानी नेटवर्क के दो संदिग्ध गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश एटीएस ने बुलंदशहर में पहचान छिपाकर रह रहे पाकिस्तानी टेरर नेटवर्क के दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है जो सेना के ठिकानों की रेकी और स्लीपर सेल बनाने में शामिल थे।

बुलंदशहर, 19 जून।

उत्तर प्रदेश की एंटी टेररिस्ट स्क्वॉयड (एटीएस) ने देश विरोधी साजिशों को नाकाम करते हुए बुलंदशहर से दो बड़े संदिग्धों को दबोचा है। पकड़े गए यह दोनों आरोपी सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर युवाओं का 'स्लीपर सेल' तैयार करने में जुटे थे। इसके साथ ही इनका मकसद समाज में दहशत फैलाना और देश के बेहद संवेदनशील इलाकों की जासूसी करना था।

मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अमिताभ यश ने गुरुवार को बयान जारी किया। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी क्रिमिनल शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट के टेरर नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यूपी एटीएस को यह बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जाल बिछाकर इस गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को धर दबोचा।

गिरफ्तार किए गए इन संदिग्धों की पहचान मोहम्मद उमर और फैजान के रूप में हुई है, जो बुलंदशहर के अकबरपुर गांव के रहने वाले हैं। यूपी एटीएस की शुरुआती पूछताछ और खुफिया इनपुट से पता चला है कि ये दोनों आरोपी बुलंदशहर इलाके में अपनी असली पहचान छिपाकर गुपचुप तरीके से 'स्लीपर सेल' के रूप में काम कर रहे थे। जांच में यह खतरनाक बात सामने आई है कि दोनों सीधे तौर पर सरहद पार बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे।

इन आरोपियों को सीमा पार से यह जिम्मेदारी दी गई थी कि वे बुलंदशहर के अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर पाकिस्तानी डॉन आबिद जट्ट के विवादित पोस्टर चिपकाएं। इसके बाद इन्हें उन पोस्टरों के वीडियो बनाकर वापस पाकिस्तान भेजने थे, जिसके एवज में इन्हें मोटी रकम का भुगतान किया जाना था। इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य आम जनता के बीच खौफ पैदा करना था।

इसके अलावा, इन दोनों को आर्मी कैंट जैसे देश के बेहद महत्वपूर्ण और सुरक्षित सैन्य ठिकानों की रेकी करने का भी काम सौंपा गया था। सुरक्षा एजेंसियों को आरोपियों के पास से आबिद जट्ट के छपे हुए पोस्टर, पोस्टर चिपकाते समय रिकॉर्ड किए गए वीडियो क्लिप और कई अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जो इनके अपराध की गवाही दे रहे हैं।

फिलहाल एटीएस और अन्य राष्ट्रीय सुरक्षा जांच एजेंसियां पकड़े गए दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर लगातार कड़ी पूछताछ कर रही हैं। अफसर अब इस बात की तह तक जाने का प्रयास कर रहे हैं कि इन्हें पाकिस्तान से और क्या-क्या हिदायतें मिल रही थीं। इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फैले इनके इस देश विरोधी जाल में कौन-से अन्य लोग शामिल हैं, इसकी भी तलाश जारी है। आने वाले समय में कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Mostly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़