राजनीति
19 Jun, 2026

विहिप बैठक में परिवार कानून, गौ संरक्षण व नशा मुक्ति पर जोर

हरिद्वार में विहिप की केंद्रीय बैठक में परिवार और विवाह संस्था, गौ संरक्षण, नशा मुक्ति, संत जागरूकता और जनगणना मुद्दों पर चर्चा की गई और व्यापक प्रस्ताव बनाए गए।

हरिद्वार, 19 जून।

विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की दो दिवसीय बैठक शुक्रवार को हरिद्वार स्थित निष्काम सेवा ट्रस्ट, भूपतवाला परिसर में संपन्न हुई। बैठक के उपरांत दण्डी स्वामी जितेंद्रानन्द सरस्वती और विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने प्रेस वार्ता में बैठक के मुख्य विषय और प्रस्ताव साझा किए।

बैठक में परिवार संस्था की मजबूती, गौ संरक्षण एवं संवर्धन, नशा मुक्ति, सामाजिक समरसता, जनसंख्या असंतुलन और जनगणना से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। संतों और प्रतिनिधियों ने हिंदू समाज की एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का आह्वान किया।

प्रेस वार्ता में कहा गया कि परिवार और विवाह संस्था भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। मार्गदर्शक मंडल ने हाल के वर्षों में व्यभिचार को अपराध की श्रेणी से बाहर करने, लिव-इन संबंध और समलैंगिक जोड़ों को साथ रहने की स्वतंत्रता जैसे विषयों पर चिंता जताई। परिषद ने परिवार कानूनों की समीक्षा कर उन्हें परिवार और विवाह संस्था के अनुकूल बनाने की आवश्यकता जताई।

अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़े आरोपों पर विहिप नेतृत्व ने कहा कि मंदिर ट्रस्ट ने स्वयं मुख्यमंत्री से एसआईटी जांच कराने का अनुरोध किया है और जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

बैठक में गौ रक्षा और गौ संवर्धन को प्रमुख विषयों में रखा गया। विहिप ने संपूर्ण गौवंश की रक्षा के लिए केंद्रीय कानून बनाने और विभिन्न राज्यों में गौ संरक्षण कानूनों को और सख्त करने की मांग की। परिषद ने समाज के सक्षम लोगों को गोपालन के लिए प्रेरित करने का निर्णय लिया और कहा कि गोबर एवं गौमूत्र आधारित उत्पाद किसानों की आय बढ़ाने में सहायक हो सकते हैं।

देश में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया गया कि बजरंग दल पिछले एक वर्ष से नशा मुक्ति अभियान चला रहा है। अब इस अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए संत समाज भी व्यापक जनजागरण कार्यक्रम संचालित करेगा।

संतों ने संत रविदास की 650वीं जयंती को देशभर में सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक जागरण के रूप में मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास के संदेश समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाए जाने चाहिए।

जनगणना के संदर्भ में जनजातीय समाज को ओआरपी (अन्य धर्म और विश्वास) श्रेणी में दर्ज करने के प्रयासों पर चिंता व्यक्त की गई। संतों ने कहा कि जनजातीय समाज हिंदू समाज का अभिन्न अंग है। बैठक का समापन हिंदू समाज की एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Mostly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़