ग्वालियर, 19 जून।
ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण की संचालक मंडल बैठक में इस वर्ष श्रावण मेला आयोजित करने सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। तय कार्यक्रम के अनुसार मेला 20 जुलाई से 31 अगस्त तक आयोजित होगा। शुक्रवार को आयोजित 50वीं बैठक में मेला परिसर के विस्तार, सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर अनेक प्रस्तावों पर सहमति बनी।
प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेले के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा की गई। बैठक में उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह गुर्जर, कलेक्टर रुचिका चौहान, मेला सचिव सुनील त्रिपाठी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए राजमाता उद्यान से संस्कृति गार्डन और एमआईटीएस रोड तक बाउंड्रीवॉल निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही गोदाम बस्ती के समीप स्थित भूमि के कॉमर्शियल उपयोग के लिए प्रस्ताव तैयार कर आगामी बैठक में प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया। मेला अवधि के दौरान प्रशासनिक भवन तैयार करने और महिलाओं के लिए अलग महिला शौचालय निर्माण पर भी सहमति बनी।
मेला परिसर में 196 नई दुकानें विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अलावा एक्सपोर्ट फैसिलिटेशन सेंटर के मरम्मत और रखरखाव कार्य कराए जाने का निर्णय लिया गया। सुबह और शाम भ्रमण के लिए आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वॉकिंग ट्रैक निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कराने का सुझाव रखा गया, जिस पर विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने की बात कही गई। इसके साथ ही मेला परिसर में सोलर प्लांट स्थापित कर सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने का भी निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ आगामी मेले की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई। व्यापारियों ने मेला अवधि दो माह रखने, मीना बाजार को अधिक व्यवस्थित बनाने, पार्किंग, स्वच्छता और महिला सुविधाओं को बेहतर करने जैसे सुझाव दिए। इन सुझावों पर सहमति जताते हुए मेले को और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप देने का भरोसा दिलाया गया।


















