दक्षिण एशिया
20 Jun, 2026

बांग्लादेश में भगवान राम की तस्वीर के अपमान पर फूटा गुस्सा, सनातनी संगठनों का मशाल जुलूस

बांग्लादेश के ढाका में सनातनी संगठनों और विश्वविद्यालय के छात्रों ने भगवान राम की छवि के कथित अपमान के खिलाफ एक विशाल मशाल जुलूस निकालकर सरकार से आठ सूत्रीय मांगें पूरी करने का आग्रह किया है।

ढाका, 20 जून।

बांग्लादेश में भगवान राम की तस्वीर के कथित अपमान और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक धार्मिक सामग्री के विरोध में हिंदू समुदाय और विभिन्न सनातनी संगठनों ने शाहबाग में कल जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान न्याय और अल्पसंख्यक अधिकारों की सुरक्षा को लेकर मानव श्रृंखला, विरोध रैली और मशाल जुलूस निकाला गया।

यूनाइटेड सनातनी सोसाइटी के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में कई हिंदू धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों, मठों और मंदिरों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय संग्रहालय क्षेत्र से राष्ट्रीय प्रेस क्लब तक मशाल जुलूस निकाला और नारेबाजी की।

सभा को संबोधित करते हुए संगठन के नेताओं ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं पर आघात से सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ सकता है। उन्होंने सरकार से अल्पसंख्यक सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने 8 सूत्रीय मांग पत्र रखा है। इसमें भगवान राम की छवि का अपमान करने वालों की गिरफ्तारी, सोशल मीडिया पर नफरती अभियानों पर रोक, मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने, अल्पसंख्यक संरक्षण आयोग की स्थापना और सांप्रदायिक हिंसा के खिलाफ कड़े कदम उठाने की मांग शामिल है।

यह विवाद हाल ही में गाईबांधा में हुई घटना से जुड़ा है, जहां कथित अपमान के बाद हिंदू समुदाय में आक्रोश फैल गया था। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो यह आंदोलन पूरे देश में फैल सकता है।

इसके साथ ही, ढाका विश्वविद्यालय के छात्रों ने भी इस घटना के विरोध में एक मशाल जुलूस और रैली का आयोजन किया। छात्र नेताओं ने कहा कि इस घटना से हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, इसलिए सांप्रदायिक सद्भाव की रक्षा के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।

इस प्रदर्शन के दौरान गाईबांधा के पलाशबारी क्षेत्र में भगवान राम की प्रस्तावित 81 फीट ऊंची मूर्ति निर्माण का काम रुकने पर भी चिंता जताई गई। परियोजना के आयोजकों का आरोप है कि काफी काम पूरा होने के बावजूद दबाव और सुरक्षा कारणों से उन्हें निर्माण कार्य रोकना पड़ा।

रैली में वक्ताओं ने सरकार से धार्मिक उकसावे में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने और सभी समुदायों को समान अधिकार देने की मांग की। उन्होंने मांगें पूरी न होने पर देशव्यापी आंदोलन शुरू करने का ऐलान भी किया है।

|
आज का राशिफल

किसी से कहासुनी न हो यह ध्यान रहे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कुछ एकाग्रता की प्रवृत्ति बनेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। श्रेष्ठजनों की सहानुभूतियां होगी। भाई-बहनों का प्रेम बढ़ेगा। शुभांक-5-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़