बहराइच, 22 जून।
बहराइच के दरगाह थाना क्षेत्र में एक किशोरी के लापता होने के मामले ने रविवार को सांप्रदायिक तनाव का रूप ले लिया। पीड़ित परिवार ने दूसरे समुदाय के एक युवक, मोनू, पर अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में आरोपित के घर पहुंचे और जमकर तोड़फोड़ व पत्थरबाजी की। भीड़ ने वहां मौजूद एक आटा चक्की को भी क्षतिग्रस्त करने और उसमें आग लगाने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। दरगाह, कोतवाली देहात और नगर क्षेत्र की भारी पुलिस बल को तत्काल घटनास्थल पर तैनात किया गया। पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) एन.डी. मिश्र ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर कैंप किया। हालांकि, चक्की में आगजनी की खबरों को पुलिस ने नकारते हुए इसे शार्ट सर्किट का मामला बताया है। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपित व किशोरी की बरामदगी के लिए विशेष टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। अधिकारी जल्द ही गिरफ्तारी का दावा कर रहे हैं।













