प्रयागराज, 22 जून।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के पूरामुफ्ती क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित एक आरोपित को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। नगर पुलिस के साथ हुई इस मुठभेड़ में आरोपित मुशर्रफ के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित मुशर्रफ निवासी पूरामुफ्ती पर एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज था और वह घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था।
रविवार देर रात पुलिस टीम फतेहपुरघाट-टिकरी मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी संदिग्ध अवस्था में घूम रहे आरोपित को देखकर उसे रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही आरोपित ने उन पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि आरोपित के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं। उसके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जा रही है और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं व बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।













