बॉलीवुड
22 Jun, 2026

अक्षय की फिल्म 'वेलकम टू जंगल' पर सेंसर बोर्ड का शिकंजा, 14 बदलावों के बाद मिली मंजूरी

रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड ने अक्षय कुमार की फिल्म वेलकम टू जंगल में 14 बड़े संवाद और दृश्यों में बदलाव करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

मुंबई, 22 जून।

अक्षय कुमार अभिनीत बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू जंगल' की रिलीज से पहले ही इसे सेंसर बोर्ड की सख्ती का सामना करना पड़ा है। 26 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली इस फिल्म को लेकर केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने कड़ा रुख अपनाते हुए कुल 14 आवश्यक बदलाव करने के निर्देश जारी किए हैं। निर्माताओं द्वारा प्रमाणन के लिए फिल्म भेजे जाने के बाद बोर्ड की आपत्तियों ने फिल्म के कंटेंट को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

सेंसर बोर्ड की जांच के दौरान कई संवादों को संशोधित करने का फरमान सुनाया गया है। फिल्म के मशहूर संवाद 'काला पैदा हुआ है, कोयला है' को बदलकर 'सादा पैदा हुआ है, नमूना हुआ है' करने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही 'स्क्रूड' शब्द को हटाने, 'अजरुद्दीन' को 'अल्लाउद्दीन' करने और सेना से जुड़े 'गोरखा रेजिमेंट' वाले संदर्भ को हटाकर 'तुम आर्मी से हो?' जैसे सामान्य शब्दों से बदलने का निर्देश दिया गया है।

फिल्म के दृश्यों को लेकर भी बोर्ड ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। बोर्ड ने फिल्म के गानों में मौजूद बिकिनी शॉट्स और कुछ क्लोज-अप दृश्यों को हटाने या बदलने के लिए कहा है। दिशा पाटनी और जैकलीन फर्नांडिस के कुछ ग्लैमरस शॉट्स व अश्लील इशारों वाले दृश्यों पर भी कैंची चलाई गई है। इन तमाम संशोधनों के बाद ही फिल्म को U/A 16+ प्रमाणपत्र जारी किया गया है।

इस मल्टीस्टारर फिल्म की अवधि अब 2 घंटे 44 मिनट 50 सेकेंड तय की गई है। अक्षय कुमार के नेतृत्व वाली इस स्टारकास्ट की फिल्म की एडवांस बुकिंग 23 जून से शुरू होने जा रही है। अब दर्शकों और फिल्म विशेषज्ञों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या इन बदलावों के बाद भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के अनुरूप प्रदर्शन कर पाएगी।

|
आज का राशिफल

किसी से कहासुनी न हो यह ध्यान रहे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कुछ एकाग्रता की प्रवृत्ति बनेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। श्रेष्ठजनों की सहानुभूतियां होगी। भाई-बहनों का प्रेम बढ़ेगा। शुभांक-5-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़