नई दिल्ली, 22 जून।
ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों की 16वीं बैठक में हिस्सा लेने के लिए ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के उप सचिव घादिर नेजामी सोमवार को नई दिल्ली पहुंचे। भारत में ईरानी दूतावास ने इस यात्रा की पुष्टि करते हुए बताया कि नेजामी अपनी यात्रा के दौरान विभिन्न विशेष सत्रों में भाग लेंगे और सहभागी देशों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा एवं सहयोग के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
नई दिल्ली में 22-23 जून तक आयोजित होने वाली इस दो दिवसीय बैठक की अध्यक्षता भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल कर रहे हैं। इस महत्वपूर्ण बैठक में आतंकवाद, साइबर सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और गैर-पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियों जैसे विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श होने की संभावना है। यह बैठक सितंबर 2026 में प्रस्तावित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका और अन्य विस्तारित ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।










