मुजफ्फरनगर, 23 जून।
मुजफ्फरनगर में सिविल लाइन थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश सतपाल उर्फ सत्तू की मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी पर उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हत्या, अपहरण, दुष्कर्म और लूट जैसे गंभीर मामलों सहित 30 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि हाल ही में कचहरी क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन मिली थी। इसके बाद पुलिस और एसओजी की टीमों ने इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।
देर रात एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो वाहन जंगल क्षेत्र के पास जाकर रुक गया। इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैरों में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। बाद में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान चंडीगढ़ के रामदरबार निवासी सतपाल उर्फ सत्तू के रूप में हुई है। उसके पास से एक पिस्टल, एक तमंचा और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी का नाम कई गंभीर अपराधों में दर्ज था और वह लंबे समय से विभिन्न राज्यों की पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। पुलिस का दावा है कि उसके संबंध छोटा राजन गैंग से भी रहे हैं। वह हाल ही में पंजाब की एक जेल से फरार हुआ था और उसके बाद विभिन्न राज्यों में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा।
पुलिस ने बताया कि सिविल लाइन थाने में दर्ज एक मामले में आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।










