राजगढ़, 23 जून।
राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बलडावदा में मंगलवार सुबह एक तालाब में 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गोवर्धन खरे निवासी वार्ड क्रमांक-2 खुजनेर के रूप में हुई है। वह नगरपालिका में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत था। सुबह ग्रामीणों ने तालाब में शव उतराता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों ने बताया कि गोवर्धन खरे एक दिन पहले घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला था, जिसके चलते खुजनेर थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
परिवार के मुताबिक मृतक को शराब पीने की आदत थी। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मामले में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह कोई हादसा था, आत्महत्या का मामला है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच जारी है।










