फतेहपुर, 24 जून।
फतेहपुर जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सीतापुर गांव में एक पिता ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी बंदूक से बेटे और बहू पर गोलीबारी कर दी। घटना में गंभीर रूप से घायल बेटे की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बहू का उपचार जारी है। वारदात के बाद आरोपी पिता फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह घरेलू विवाद के दौरान रामखेलावन वर्मा ने अपने पुत्र अवनीश वर्मा (36) और बहू प्रियंका वर्मा उर्फ मनीषा वर्मा (32) पर लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से फायरिंग कर दी। गोली लगने से अवनीश और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कानपुर के अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान अवनीश वर्मा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी का इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी रामखेलावन वर्मा घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है। मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पूरे प्रकरण की जांच जारी है।















