लीड्स, 24 जून।
महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 113 रन के बड़े अंतर से रौंद दिया है। एलिस पेरी की शानदार अर्धशतकीय पारी और घातक गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने लगातार चौथी जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी दावेदारी लगभग पक्की कर ली है। पाकिस्तान की यह लगातार चौथी हार है, जिससे टीम टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 199 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। एलिस पेरी ने 48 गेंदों में 71 रन बनाए, जबकि जॉर्जिया वोल ने 39 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान के लिए नशरा संधू और सादिया इकबाल ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 13.4 ओवर में मात्र 86 रन पर ही सिमट गई। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका। एलिस पेरी ने 2 विकेट लिए, जबकि सोफी मोलिन्यू और एनाबेल सदरलैंड ने भी दो-दो सफलताएं हासिल कीं। अब ऑस्ट्रेलिया का अगला हाई-वोल्टेज मुकाबला भारत से होगा, जबकि पाकिस्तान अपनी पहली जीत के लिए नीदरलैंड के खिलाफ उतरेगा।









