बर्लिन, 24 जून।
जर्मनी में कल देर रात संचार प्रणाली में आई खराबी के कारण पूरे देश में रेल नेटवर्क ठप हो गया। इस तकनीकी गड़बड़ी की वजह से तमाम ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोक देना पड़ा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और वे स्टेशनों पर ही फंस गए।
राष्ट्रीय रेल संचालक 'ड्यूश बान' ने बताया कि जीएसएम-आर डिजिटल संचार प्रणाली में राष्ट्रव्यापी समस्या पैदा हुई थी, जो रेलवे नेटवर्क के भीतर आंतरिक संवाद के लिए इस्तेमाल की जाती है। कंपनी ने बाद में जानकारी दी कि समस्या की पहचान कर ली गई है, हालांकि खराबी के सही कारणों का विवरण अभी स्पष्ट नहीं किया गया है।
पिछले कुछ वर्षों में जर्मनी में ट्रेनों की लेटलतीफी और बाधाओं की शिकायतें आम हो गई हैं। सरकारी स्वामित्व वाली 'ड्यूश बान' ने वर्षों के कम निवेश के बाद अब प्रमुख मार्गों का बड़े पैमाने पर जीर्णोद्धार शुरू किया है, ताकि प्रदर्शन में सुधार लाया जा सके।









