वाशिंगटन, 24 जून।
अमेरिकी सीनेट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के खिलाफ जारी सैन्य अभियान पर रोक लगाने वाला एक महत्वपूर्ण विधेयक पारित किया है। इस प्रस्ताव के तहत अब कोई भी आगे की सैन्य कार्रवाई करने से पहले राष्ट्रपति को संसद की मंजूरी लेनी अनिवार्य होगी। कल रात हुई वोटिंग में इसे 48 के मुकाबले 50 मतों से पारित कर दिया गया।
यह प्रस्ताव इस महीने की शुरुआत में प्रतिनिधि सभा से पहले ही पारित हो चुका था। सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी का बहुमत होने के बावजूद, चार रिपब्लिकन सदस्यों ने अपनी पार्टी लाइन से हटकर मतदान किया, साथ ही लगभग सभी डेमोक्रेट सदस्यों ने भी इसका समर्थन किया। यह पहला मौका है जब किसी युद्ध शक्ति प्रस्ताव को कांग्रेस के दोनों सदनों से मंजूरी मिली है।
हालांकि, यह विधेयक पश्चिम एशिया में सीमित सैन्य मौजूदगी की अनुमति देता है ताकि अमेरिका या उसके सहयोगियों के खिलाफ किसी भी आसन्न हमले को रोका जा सके। अमेरिका के संविधान में युद्ध घोषित करने की शक्ति केवल संसद के पास है, लेकिन पिछले 75 वर्षों में राष्ट्रपतियों द्वारा विदेशी संघर्षों में सेना झोंकने के कारण यह अधिकार कमजोर होता गया है।








