नई दिल्ली, 24 जून।
कतर के रास लाफन औद्योगिक क्षेत्र में हुए भीषण धमाके में भारतीय नागरिकों की मृत्यु पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी का फोन आया। कतर के अमीर ने इस दुखद हादसे पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताने के लिए कतर के नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने घायलों को तुरंत उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सहायता की सराहना की। दोनों नेताओं ने अपने नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए एक-दूसरे के प्रति एकजुटता प्रकट की।
पश्चिम एशिया के हालातों पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने शांति प्रयासों में कतर की सकारात्मक भूमिका की तारीफ की। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये पहल क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता लाने में सहायक होंगी। दोनों नेताओं ने आपसी द्विपक्षीय सहयोग को विभिन्न क्षेत्रों में और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की और निरंतर संपर्क में रहने का निर्णय लिया।








